35.8 C
Dehradun, IN
June 18, 2026
https://himvarta.in/
उत्तराखंड

रोमांच बना जानलेवा! धारी देवी दर्शन से लौटे 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग के बाद संदिग्ध मौत

श्रीनगर गढ़वाल: पौड़ी जिले के श्रीनगर गढ़वाल क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. धारी देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे देहरादून निवासी 21 वर्षीय लक्ष्य रस्तोगी की बंजी जंपिंग के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने मौत का संभावित कारण सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक होने की आशंका जताई है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

घटना के मुताबिक, देहरादून के शांति विहार कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी परिवार के साथ 16 जून को धारी देवी दर्शन के लिए गए थे. वापस लौटते हुए 21 वर्षीय बेटे लक्ष्य रस्तोगी ने मलेथा के पास बंजी जंपिंग की इच्छा जताई. परिजनों की सहमति पर लक्ष्य बंजी जंपिंग के लिए चला गया. अलकनंदा नदी के ऊपर रोमांचक बंजी जंपिंग कर जब वह वापस ऊपर आया, तो उसने अचानक पेट और सीने में तेज दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की.

तबीयत बिगड़ती देख परिजनों ने तुरंत पास के रामकुंड लॉज में एक कमरा ले लिया, ताकि लक्ष्य थोड़ा आराम कर सके. हालांकि, कुछ ही देर में उसका दर्द असहनीय हो गया और वह बेहोश हो गया. घबराए परिजन रात करीब 9 बजे उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली के प्रभारी डॉ. आकाश दीप ने बताया कि, रात करीब 9 बजे जब परिजन लक्ष्य रस्तोगी को अस्पताल लेकर आए, तो डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका परीक्षण किया. जांच के दौरान युवक की पल्स (नब्ज) नहीं चल रही थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए सीपीआर भी दिया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई.

केंद्र के डॉक्टर अमर दीप ने परिजनों से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि, युवक को बंजी जंपिंग के तुरंत बाद पेट में दर्द और सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी थी. उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की मौत का कारण सिंकोप अटैक (अचानक बेहोश होना या दिल की धड़कन रुकना) या कार्डियक स्ट्रोक हो सकता है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

थाना देवप्रयाग पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत या सूचना प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.

Related posts

Big Breaking:-नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध हालात में मौत, अचानक बिगड़ी थी तबीयत

himvarta

देहरादून में हंगामा: युवक महापौर की कुर्सी पर बैठा, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट के बाद गिरफ्तार

himvarta

दुनियाभर में कुंभ मेले की चर्चा, हरिद्वार पहुंचे जापान के संतों ने देखी तैयारियां, बोले- बड़ी संख्या में आएंगे जापानी

himvarta

Leave a Comment