35 C
Dehradun, IN
June 13, 2026
https://himvarta.in/
उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में अवैध मजार पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन हुई कब्जामुक्त

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत राजधानी के वीआईपी क्षेत्र यमुना कॉलोनी में बनी एक अवैध मजार पर शुक्रवार देर रात बुलडोजर चला। प्रशासन ने सरकारी भूमि पर कब्जे की नीयत से बनाई गई इस संरचना को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

यमुना कॉलोनी के निवासियों ने कुछ समय पहले इस अवैध मजार को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की थी। जांच में यह भूमि सरकारी पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

अधिकारियों के अनुसार करीब एक माह पहले संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा कर अतिक्रमण स्वयं हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में कोई कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन को बुलडोजर चलाना पड़ा।

जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान के निर्देश पर देर रात नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा लिया गया।

नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना कॉलोनी में जिस स्थान पर कार्रवाई की गई, वहां से किसी प्रकार के धार्मिक अवशेष या अन्य सामग्री नहीं मिली है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की मंशा से खड़ी की गई किसी भी अवैध संरचना को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि ऐसे मामलों में संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धामी सरकार के सख्त रुख के बीच राजधानी के सबसे संवेदनशील और वीआईपी इलाकों में से एक यमुना कॉलोनी में हुई यह कार्रवाई प्रशासन के उस संदेश को भी मजबूत करती है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related posts

साइकिल के साथ फिटनेस का संकल्प, देहरादून में 1000+ प्रतिभागियों ने रचा नया जोश

himvarta

Uttarakhand: इस साल नहीं होगी नंदा देवी राजजात, समिति ने कहा- हिमालयी क्षेत्र में नहीं हुए काम

himvarta

हरिद्वार में जगह-जगह लगे पोस्टर, हरकी पौड़ी में गैर हिंदुओं की एंट्री पर रोक! ड्रोन व रील पर भी सख्ती

himvarta

Leave a Comment